अहमदाबाद में गुजरात रेंट बिल 2026 के विरोध में वकीलों का आंदोलन तेज हो गया है. गुजरात हाई कोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन ने 5 और 6 अक्टूबर को अदालत के कामकाज से दूर रहने का फैसला किया है. यह कदम सिटी सिविल कोर्ट और स्मॉल कॉज कोर्ट के वकीलों के समर्थन में उठाया गया है.

वकील संगठनों की मुख्य आपत्ति बिल के उस प्रावधान से है, जिसके तहत किराया संबंधी विवादों की सुनवाई और फैसला करने का अधिकार न्यायिक अदालतों के बजाय डिप्टी कलेक्टर और एडिशनल कलेक्टर जैसे राजस्व अधिकारियों को दिया जाना प्रस्तावित है.

अहमदाबाद में सिटी सिविल और स्मॉल कॉज कोर्ट के वकील पहले भी काम से अलग रहकर तथा भद्रा कोर्ट परिसर के प्रवेश मार्ग को रोककर विरोध जता चुके हैं. बार काउंसिल ऑफ गुजरात ने 5 अक्टूबर से राज्यभर की अदालतों, ट्रिब्यूनल, न्यायिक और अर्ध-न्यायिक संस्थाओं तथा राजस्व मंचों में वकीलों के बहिष्कार का आह्वान किया है.

वकील संगठनों का कहना है कि किराया विवादों में साक्ष्य दर्ज करने और उनका मूल्यांकन करने की प्रक्रिया न्यायिक संस्थाओं के पास ही रहनी चाहिए. उन्होंने मुख्यमंत्री और कानून मंत्री से मुलाकात कर बिल में संशोधन या इसे वापस लेने की मांग की है.