दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे अहमदाबाद और मालदा टाउन के बीच साप्ताहिक ‘पूजा स्पेशल’ ट्रेन चलाएगा. दोनों दिशाओं में यह ट्रेन कुल 14 फेरे लगाएगी. इससे गुजरात से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी.
अहमदाबाद से 14 अक्टूबर को पहली सेवा
पश्चिम रेलवे के कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक हर बुधवार अहमदाबाद से दोपहर 3:30 बजे रवाना होगी और शुक्रवार सुबह 10 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी. वापसी में यह ट्रेन 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक हर शुक्रवार मालदा टाउन से रात 8:05 बजे चलेगी और रविवार दोपहर 1 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी.
ट्रेन में एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और जनरल सेकंड क्लास के कोच लगाए जाएंगे. इसका अग्रिम आरक्षण 13 अक्टूबर से सभी यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटरों और IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू होगा.
कई राज्यों के स्टेशनों पर ठहराव
गुजरात में ट्रेन नडियाद, आणंद, छायापुरी और गोधरा पर रुकेगी. इसके बाद रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर और बयाना में ठहराव होगा. उत्तर प्रदेश में ईदगाह आगरा, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सुबेदारगंज और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन इसके प्रमुख स्टॉपेज हैं.
बिहार में बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, अभयपुर, जमालपुर, सुल्तानगंज, भागलपुर और कहलगांव पर ठहराव दिया गया है. झारखंड और पश्चिम बंगाल में साहिबगंज, बरहरवा और न्यू फरक्का भी इसके स्टॉपेज में शामिल हैं.
