अहमदाबाद के सरखेज इलाके में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और स्थानीय पुलिस ने एमडी ड्रग्स बनाने वाली कथित फैक्ट्री का पता लगाया है. यह फैक्ट्री एक इमारत के तहखाने में संचालित की जा रही थी. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में कच्चा माल और 20 तरह के केमिकल जब्त किए.
पुलिस के अनुसार, मामले में मुदस्सर पठान और उसकी पत्नी को हिरासत में लिया गया है. जांच में सामने आया है कि मुदस्सर ने राजस्थान में ड्रग्स बनाने की ट्रेनिंग ली थी. इसके बाद वह मध्य प्रदेश के रतलाम से नशीले पदार्थ बनाने का कच्चा माल मंगवाता था.
पहली डिलीवरी से पहले कार्रवाई
जांच अधिकारियों के मुताबिक, दंपति करीब एक महीने से तहखाने में एमडी ड्रग्स तैयार कर रहा था. पुलिस का कहना है कि फैक्ट्री से अभी पहली डिलीवरी नहीं हुई थी और उससे पहले ही संयुक्त टीम ने छापा मार दिया.
अहमदाबाद जोन-7 के डीसीपी शिवम वर्मा के अनुसार, खुफिया जानकारी मिलने के बाद एनसीबी और पुलिस ने यह अभियान चलाया. पुलिस के मुताबिक, मुदस्सर पहले से नशे का आदी है और उसके खिलाफ सरखेज थाने में मारपीट के कई मामले दर्ज हैं. अधिकारियों के अनुसार, वह करीब एक साल से नशीले पदार्थ बनाने की गतिविधि में शामिल था. मामले में आगे की जांच जारी है.
