अहमदाबाद मेट्रो नेटवर्क का साबरमती रेलवे मेट्रो स्टेशन 28 नवंबर 2026 से यात्रियों के लिए चालू होगा. इसके साथ अहमदाबाद मेट्रो फेज-1 के तहत नियोजित सभी 32 स्टेशन परिचालन में आ जाएंगे. नया स्टेशन यात्रियों को साबरमती रेलवे स्टेशन तक मेट्रो कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा.
गुजरात मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (GMRC) के अनुसार, फेज-1 का नेटवर्क 40.03 किलोमीटर लंबा है. इसमें ईस्ट-वेस्ट और नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर शामिल हैं. साबरमती रेलवे स्टेशन शुरू होने से पहले इस नेटवर्क के 31 स्टेशन चालू थे.
पहली और आखिरी मेट्रो का समय
साबरमती रेलवे मेट्रो स्टेशन से APMC की ओर पहली राजस्व सेवा सुबह 6:27 बजे रवाना होगी. महात्मा मंदिर की दिशा में पहली सेवा सुबह 6:45 बजे और GIFT City की ओर पहली सेवा सुबह 7:11 बजे उपलब्ध होगी.
आखिरी सेवाओं में APMC की ओर ट्रेन रात 11:10 बजे, जबकि कोटेश्वर रोड की ओर सेवा रात 11:35 बजे रवाना होगी. महात्मा मंदिर की दिशा में आखिरी सेवा रात 9:10 बजे और GIFT City की ओर आखिरी सेवा शाम 6:32 बजे निर्धारित है.
GMRC के मुताबिक, साबरमती रेलवे मेट्रो स्टेशन से जुड़ी विस्तृत ट्रेन टाइमिंग 28 नवंबर से उसकी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी. यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित समय-सारणी देखने की सलाह दी गई है.
अहमदाबाद मेट्रो फेज-1 परियोजना को भारत सरकार ने नवंबर 2014 में मंजूरी दी थी. इसके नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर में APMC से मोटेरा स्टेडियम और ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर में थलतेज गांव से वस्त्राल गांव तक का मार्ग शामिल है. फेज-1 का व्यावसायिक संचालन मार्च 2019 में वस्त्राल गांव से अपैरल पार्क के बीच 6.5 किलोमीटर लंबे हिस्से पर शुरू हुआ था. नेटवर्क में ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर के 17 और नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर के 15 स्टेशन हैं.
