अहमदाबाद में नारणपुरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की योजना पर काम आगे बढ़ा है. गुजरात मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (GMRC) ने फेज-3C के तहत नारणपुरा से नेहरूनगर के बीच 8.68 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया है. परियोजना की अनुमानित लागत 683.05 करोड़ रुपये है और निर्माण 32 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

यह कॉरिडोर कॉमनवेल्थ गेम्स को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित किया गया है. रूट पर पांच एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाने हैं. इनमें नारणपुरा, गुजरात यूनिवर्सिटी, IIM अहमदाबाद, बीमानगर और नेहरूनगर स्टेशन शामिल हैं.

प्रस्तावित लाइन शहर में मौजूदा मेट्रो कॉरिडोर को दो जगह पार करेगी, जिनमें हेल्मेट सर्कल भी शामिल है. कुछ स्थानों पर नीचे सड़क, उसके ऊपर फ्लाईओवर और फिर मेट्रो कॉरिडोर की बहुस्तरीय संरचना होगी. जहां मेट्रो ट्रैक या अन्य रेल लाइन का क्रॉसिंग होगा, वहां कॉरिडोर को सामान्य हिस्सों की तुलना में अधिक ऊंचाई पर बनाया जाएगा.

क्रॉसिंग वाले हिस्सों में स्टील थ्रू-टाइप ट्रस स्पान का इस्तेमाल किया जाएगा. ऐसे ढांचे को जमीन पर तैयार कर हाइड्रोलिक जैक और विशेष रोलर्स की मदद से पिलर्स के बीच आगे बढ़ाकर स्थापित किया जाता है. इससे नीचे रेल लाइन या अन्य ट्रैक होने पर भारी कंक्रीट ढांचे को नीचे से सहारा देने की जरूरत कम होती है.

प्रस्तावित स्टेशनों की छतों पर सोलर पीवी सिस्टम, ऊर्जा-कुशल स्मार्ट लाइटिंग, पावर बैकअप के लिए साउंडप्रूफ डीजी सेट और आधुनिक कंट्रोल रूम की योजना है. परियोजना का ढांचा 100 वर्ष के उपयोगी जीवन को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा.

GMRC ने रूट का प्राथमिक जियोटेक्निकल सर्वे किया है. जांच में कछार, रेत, चिकनी मिट्टी और कंकड़युक्त रेत जैसी मिश्रित मिट्टी की परतें मिली हैं. निर्माण शुरू होने से पहले ठेकेदार को जमीन और मिट्टी की स्थिति की दोबारा जांच करनी होगी.