अहमदाबाद के नारोल इलाके में पुराने विवाद को लेकर एक युवक के अपहरण और मारपीट का मामला सामने आया है. शिकायत के अनुसार, चार लोग उसे भंगार के कारखाने से ऑटो रिक्शा में बैठाकर ले गए और रास्ते में चाकू तथा लोहे के पंच से हमला किया. बाद में उसे सुनसान जगह ले जाकर कुल्हाड़ी से चोट पहुंचाने का आरोप है.

पुलिस के मुताबिक, गणेशनगर में रहने वाला 23 वर्षीय आमिर शेख पीपलज रोड स्थित भंगार के कारखाने में मजदूरी करता है. 11 अक्टूबर को वह कारखाने में मौजूद था. इसी दौरान पुराने विवाद की रंजिश को लेकर सज्जू उर्फ शहजाद पठान, उसका भाई गुल्लू, बहनोई सतीष उर्फ गड़ा और मुकेश वहां पहुंचे. शिकायत में कहा गया है कि चारों आमिर को रिक्शे में बैठाकर ले गए.

आमिर के शोर मचाने पर सज्जू ने उसके सिर पर चाकू से वार किया, जबकि गुल्लू ने लोहे के पंच से उसके शरीर और हाथ पर हमला किया. आरोपियों ने उसे देव होटल चौकड़ी से शास्त्री ब्रिज की दिशा में ले जाकर गणेशनगर के पीछे सुनसान जगह पर मारपीट की.

शिकायत के अनुसार, लोगों के देख लेने की आशंका में आरोपी उसे पीपलज एपीएमसी मार्केट के पीछे इंदिरानगर सेक्टर-2 के पास ले गए. वहां सज्जू ने रिक्शे से कुल्हाड़ी निकालकर उसके पैर पर वार किया. ग्रामीणों के जमा होने पर आरोपी रिक्शा लेकर फरार हो गए. घायल आमिर को अस्पताल ले जाया गया. नारोल पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.