अहमदाबाद की निरमा यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर द्वारा छात्र का कॉलर पकड़े जाने का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया है. मामले को लेकर ABVP और NSUI ने यूनिवर्सिटी के खिलाफ प्रदर्शन किया और प्रोफेसर एचके पटेल पर कार्रवाई की मांग की. विरोध के दौरान पुलिस ने करीब 30 NSUI कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया.
यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. आरएन पटेल के मुताबिक, मामले की जांच के लिए तीन वरिष्ठ अधिकारियों की कमेटी बनाई गई है. कमेटी घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी. इसके बाद उसकी सिफारिशों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. यूनिवर्सिटी की ओर से यह भी बताया गया है कि विवाद बढ़ने के बाद प्रोफेसर और छात्र ने एक-दूसरे से माफी मांगी है.
कैंपस के बाहर प्रदर्शन, NSUI ने की निलंबन की मांग
वीडियो सामने आने के बाद ABVP कार्यकर्ता यूनिवर्सिटी पहुंचे और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन विभाग के एचओडी एवं प्रोफेसर एचके पटेल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. ABVP ने कहा कि छात्र को मंच पर सबके सामने अपमानित किया गया और ऐसी घटना का उस पर मानसिक असर पड़ सकता है.
NSUI कार्यकर्ताओं को पुलिस ने कैंपस के अंदर जाने से रोक दिया. इसके बाद उन्होंने मुख्य गेट के बाहर बैनर और पोस्टर के साथ प्रदर्शन किया. संगठन ने प्रोफेसर को तत्काल निलंबित करने और निष्पक्ष जांच की मांग की. प्रदर्शन के दौरान एक छात्र के चेहरे पर काला कपड़ा बांधकर और उसके गले में रस्सी डालकर विरोध जताया गया. यूनिवर्सिटी का एक प्रतिनिधि प्रदर्शनकारियों का आवेदन लेने मुख्य गेट पर पहुंचा, लेकिन उन्हें परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया.
टेक्नोफोरा कार्यक्रम का है मामला
यह विवाद पिछले सप्ताह आयोजित टेक्नोफोरा कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था. इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग के छात्रों द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कॉमेडी और स्टैंड-अप शो भी हुआ था. रिपोर्ट के अनुसार, एक छात्र ने फिल्म ‘गोलमाल-3’ से जुड़ा संवाद बोला, जिसके बाद प्रोफेसर की प्रतिक्रिया सामने आई.
वीडियो में प्रोफेसर छात्र को मंच पर बुलाकर उसके व्यवहार पर सवाल करते और फैकल्टी सदस्य का अपमान न करने की चेतावनी देते दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने छात्र का कॉलर पकड़ा. कार्यक्रम में मौजूद छात्रों ने घटना का वीडियो बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. अब आगे की कार्रवाई जांच कमेटी की रिपोर्ट पर निर्भर करेगी.
