अहमदाबाद के ओढ़व इलाके में एक महिला की मां ने अपने दामाद के खिलाफ शेयर और SIP ट्रांसफर करने की शिकायत दर्ज कराई है. ओढ़व पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति चिराग बाबूभाई शाह के खिलाफ नया मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता शीलाबेन की बेटी जयाबेन सोलंकी आयकर विभाग में नौकरी करती थीं. वर्ष 2022 में उनकी आत्महत्या के बाद जयाबेन के पति चिराग के खिलाफ मानसिक प्रताड़ना के चलते आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था. इस मामले में गिरफ्तारी के बाद चिराग फिलहाल जमानत पर बाहर है और केस सिटी सिविल एंड सेशंस कोर्ट में चल रहा है.
शिकायत के अनुसार, जयाबेन ने शादी से पहले अपनी बचत से एंजल वन में डीमैट खाता खुलवाया था. इसमें अलग-अलग कंपनियों के शेयर और SIP मौजूद थे. शिकायत में कहा गया है कि डीमैट खाते में कोई नामिनी दर्ज नहीं थी, जबकि जयाबेन के SBI बैंक खाते में उनकी मां शीलाबेन नामिनी थीं.
मृतका की मां का आरोप है कि जयाबेन की मृत्यु के बाद चिराग ने उनका पुराना सिमकार्ड अपने नाम पर करवा लिया. इसके बाद मार्च से अप्रैल 2026 के बीच डीमैट खाते का इस्तेमाल कर करीब ₹3.70 लाख मूल्य के शेयर और SIP कथित तौर पर अपने खाते में ट्रांसफर किए गए.
मामले की जानकारी मिलने पर शीलाबेन ने ओढ़व थाने में शिकायत दी. पुलिस अब सिमकार्ड, डीमैट खाते और कथित ट्रांसफर से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है.
