अहमदाबाद साइबर क्राइम शाखा ने ऑनलाइन उत्पीड़न, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाने, आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने और ब्लैकमेल के आरोपों में एक महिला समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तीन नाबालिगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू की है. इन मामलों में कुल नौ FIR दर्ज की गई हैं.

यह कार्रवाई महिलाओं को साइबर स्टॉकिंग, ऑनलाइन दुर्व्यवहार, पहचान की चोरी और ब्लैकमेल से बचाने के लिए चलाए जा रहे ‘Mission Cyber Rakshika’ के तहत की गई. पुलिस के अनुसार, अलग-अलग टीमों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से मिले तकनीकी इनपुट का विश्लेषण कर आरोपियों का पता लगाया. कार्रवाई अहमदाबाद के अलावा गुजरात के अन्य हिस्सों और महाराष्ट्र में भी की गई.

साइबर क्राइम शाखा के मुताबिक, शिकायतों में Instagram और Facebook जैसे प्लेटफॉर्म पर महिलाओं के नाम से फर्जी अकाउंट बनाने और उनके जरिए आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप शामिल हैं. शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखते हुए महिला अधिकारियों ने उनकी काउंसलिंग की और मामले दर्ज किए. एक मामले में एक महिला पर अपनी सहकर्मी के नाम से फर्जी Instagram अकाउंट बनाकर लोगों को संदेश भेजने का आरोप है.