अहमदाबाद की विशेष POCSO अदालत ने 13 वर्षीय नाबालिग के यौन शोषण के मामले में 38 वर्षीय विवाहित आरोपी रोहित चौहान को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने पीड़िता को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से 4 लाख रुपये मुआवजा देने का भी आदेश दिया है.
मामले की सुनवाई अहमदाबाद सिटी सिविल एंड सेशंस कोर्ट की विशेष POCSO अदालत में हुई. रिपोर्ट के अनुसार, विशेष न्यायाधीश एच.एन. देसाई ने सरकारी वकील दिलीपसिंह एम. ठाकोर की दलीलों, 13 गवाहों की गवाही और 40 दस्तावेजी साक्ष्यों पर विचार करने के बाद फैसला सुनाया.
घर के काम के बहाने बुलाने का आरोप
अभियोजन के मुताबिक, पीड़िता जब अपने ननिहाल जाती थी, तब आरोपी उसे घर के काम और सफाई के बहाने छत पर बुलाता था. आरोप है कि उसने नाबालिग को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ बार-बार यौन शोषण किया.
28 अगस्त 2024 को पीड़िता को पेट में तेज दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद एलजी अस्पताल ले जाया गया. मेडिकल जांच में उसके चार महीने की गर्भवती होने की जानकारी सामने आई. इसके अगले दिन, 29 अगस्त 2024 को रामोल पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई.
DNA जांच को साक्ष्य के तौर पर पेश किया गया
मामले की जांच के दौरान अस्पताल में मिले गर्भपात के नमूने और आरोपी के रक्त के नमूने DNA जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजे गए थे. रिपोर्ट में आरोपी को भ्रूण का जैविक पिता बताया गया. अभियोजन ने इस रिपोर्ट को मामले के प्रमुख साक्ष्यों में शामिल किया.
अदालत ने उपलब्ध गवाही, दस्तावेजी साक्ष्यों और DNA रिपोर्ट पर विचार करने के बाद आरोपी को दोषी ठहराया और 20 साल की सजा सुनाई. मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और POCSO अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी.
