अहमदाबाद मंडल में पिछले छह महीनों के दौरान ‘रेल मदद’ पर कुल 15,048 शिकायतें दर्ज की गईं. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में रोजाना औसतन करीब 82 शिकायतें आईं. इनमें सबसे अधिक शिकायतें ट्रेन के कोच की सफाई और बिजली से जुड़ी समस्याओं की रहीं.

ट्रेन के कोच की सफाई को लेकर 5,324 शिकायतें दर्ज हुईं. वहीं, लाइट, पंखे या एसी के काम नहीं करने से संबंधित 3,919 मामले सामने आए. स्टेशन की सफाई को लेकर 186, सुरक्षा से जुड़ी 133 और यात्री सुविधाओं से संबंधित 127 शिकायतें दर्ज की गईं.

तीन साल के आंकड़ों में कमी

तीन साल के विश्लेषण के मुताबिक, इलेक्ट्रिकल विभाग से जुड़ी शिकायतें 8,784 से घटकर 7,021 रह गईं. इसके बावजूद यह शिकायतों की प्रमुख श्रेणी बनी हुई है. कमर्शियल विभाग की शिकायतें 6,621 से घटकर 4,609 और RPF सुरक्षा से संबंधित शिकायतें घटकर 1,918 रह गईं.

रेलवे के अनुसार, दर्ज सभी शिकायतों का समय पर निपटारा किया गया. यात्रा के दौरान समस्या आने पर यात्री 139 हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा ‘रेल मदद’ ऐप या वेबसाइट पर PNR नंबर के साथ शिकायत दर्ज की जा सकती है. शिकायत मिलने के बाद कंट्रोल रूम रियल-टाइम लोकेशन के आधार पर तकनीशियन या RPF स्टाफ भेज सकता है.