दिवाली और छठ पूजा के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अहमदाबाद के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है. कालूपुर और साबरमती स्टेशन पर प्लेटफॉर्म के बाहर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, जहां यात्री ट्रेन आने तक इंतजार कर सकेंगे.
यात्रियों को ट्रेन के निर्धारित प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के बाद ही चरणबद्ध तरीके से अंदर जाने दिया जा रहा है. रेलवे और रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) की टीमें कतारबद्ध बोर्डिंग, निगरानी और प्लेटफॉर्म पर भीड़ को नियंत्रित करने का काम कर रही हैं. होल्डिंग एरिया में रोशनी, पंखे, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.
अहमदाबाद, साबरमती और असरवा स्टेशनों पर 110 अतिरिक्त RPF कर्मियों की तैनाती की गई है. निगरानी के लिए कुल 240 CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि सुरक्षा मजबूत करने के लिए अतिरिक्त कैमरे लगाने का प्रस्ताव भी है.
पश्चिम रेलवे ने त्योहारी मांग को पूरा करने के लिए 70 से अधिक विशेष ट्रेन सेवाएं और कुछ नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच चलाने की जानकारी दी है.
