अहमदाबाद में भारी बारिश के बाद सड़कों पर बने छोटे-बड़े गड्ढों को भरने के लिए नगर निगम ने तीन दिन का विशेष अभियान शुरू किया है. नगर निगम के पदाधिकारियों ने अधिकारियों और ठेकेदारों के साथ बैठक कर सभी वार्डों और जोन में तेजी से पैचवर्क कराने के निर्देश दिए हैं.

मेयर हितेश बारोट और स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन कमलेश पटेल के अनुसार, कुछ इलाकों में गड्ढे भरने का काम पूरा हो चुका है, लेकिन कई मुख्य और आंतरिक सड़कों पर मरम्मत बाकी है. इसी को देखते हुए पूरे शहर में एक साथ सघन पैचवर्क शुरू किया गया है.

रात में भी जारी रहेगा सड़क मरम्मत का काम

नगर निगम के मुताबिक, 23 सितंबर की देर रात से सभी वार्ड और जोन में काम शुरू कर दिया गया. गड्ढे भरने के लिए शहरभर में 200 से अधिक वाहन तैनात किए गए हैं. प्रत्येक वार्ड और जोन में 5 से 10 वाहन लगाए गए हैं और रात के दौरान भी सड़क मरम्मत की निगरानी की जा रही है.

पदाधिकारियों ने कहा है कि पैचवर्क पूरा होने के तुरंत बाद खराब सड़कों की रिसर्फेसिंग शुरू की जाएगी. मुख्य सड़कों को दिवाली से पहले दुरुस्त करने का लक्ष्य बताया गया है.

नागरिक किसी सड़क पर गड्ढा या खराब स्थिति की शिकायत नगर निगम के कंट्रोल रूम नंबर 155-303 पर दर्ज करा सकते हैं.