अहमदाबाद में सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर फल-सब्जी बेचने वाले स्ट्रीट वेंडर्स के खिलाफ महानगरपालिका ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. अहमदाबाद महानगरपालिका (AMC) के एस्टेट विभाग के निर्देश के मुताबिक, अब विक्रेताओं को केवल निगम की ओर से बनाए गए सब्जी बाजारों और निर्धारित स्थानों पर ही बिक्री करनी होगी.
महानगरपालिका के डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर की सार्वजनिक सूचना में कहा गया है कि सड़क या फुटपाथ पर लारी लगाकर फल-सब्जी बेचने से यातायात प्रभावित होता है और राहगीरों को परेशानी होती है. यातायात में बाधा बनने वाली किसी भी जगह पर इस तरह की बिक्री को प्रतिबंधित किया गया है.
उल्लंघन पर जब्ती और जुर्माना
निर्देश का उल्लंघन कर सार्वजनिक सड़क या फुटपाथ पर बिक्री करते पाए जाने वाले वेंडर्स की गतिविधि को ‘गैरकानूनी अतिक्रमण’ माना जाएगा. ऐसे मामलों में AMC लारी और बिक्री का सामान जब्त कर सकती है. इसके अलावा संबंधित विक्रेता पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी की जाएगी.
महानगरपालिका के अनुसार, शहर में खासकर शाम के समय सड़क किनारे लगने वाली सब्जी की लारियों और अस्थायी बाजारों से यातायात की समस्या बढ़ती है. इसी वजह से अलग-अलग स्थानों पर सब्जी बाजार बनाए गए हैं. निगम का कहना है कि कई विक्रेता इन निर्धारित बाजारों में बैठने के बजाय सड़क किनारे बिक्री करते हैं, इसलिए सड़क पर बिक्री रोकने का निर्देश दिया गया है.
