मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के तहत अहमदाबाद में साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबे पुल का निर्माण पूरा हो गया है. National High Speed Rail Corporation Limited (NHSRCL) के अनुसार, यह पुल करीब 36 मीटर ऊंचा है, जो लगभग 12 मंजिला इमारत के बराबर है.
यह पुल साबरमती और अहमदाबाद बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच स्थित है. यह साबरमती स्टेशन से करीब 1 किलोमीटर और अहमदाबाद स्टेशन से लगभग 4 किलोमीटर दूर है. पुल Western Railway की अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य रेल लाइन के पास बनाया गया है.
पुल को आठ गोलाकार पियर्स का सहारा दिया गया है. इनमें चार पियर्स नदी के तल में, दो नदी के किनारों पर और दो किनारों के बाहर हैं. नदी के प्रवाह में रुकावट कम करने के लिए इसमें सामान्य पुलों की तुलना में लंबे स्पैन रखे गए हैं. इसमें 76 मीटर के पांच और 50 मीटर के दो स्पैन शामिल हैं.
मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर में कुल 25 नदी पुल प्रस्तावित हैं, जिनमें 21 गुजरात में हैं. साबरमती पुल पूरा होने के बाद गुजरात में तैयार नदी पुलों की संख्या 18 हो गई है.
