अहमदाबाद में मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत साबरमती नदी पर 480 मीटर लंबे पुल का निर्माण पूरा हो गया है. करीब 36 मीटर ऊंचा यह पुल लगभग 12 मंजिला इमारत के बराबर है. यह पश्चिम रेलवे की अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य रेल लाइन के पास स्थित है. पुल का डेक जमीन से करीब 14.8 मीटर की ऊंचाई पर है. यह साबरमती स्टेशन से लगभग 1 किलोमीटर और अहमदाबाद स्टेशन से करीब 4 किलोमीटर दूर है.

मौजूदा रेल और अन्य ढांचागत सुविधाओं के लिए जरूरी वर्टिकल क्लियरेंस बनाए रखने के लिए पुल के पिलर अपेक्षाकृत ऊंचे रखे गए हैं. पुल में कुल आठ सर्कुलर पिलर हैं, जिनका व्यास 6 से 6.5 मीटर के बीच है. इनमें चार पिलर नदी के तल में, दोनों किनारों पर एक-एक पिलर और दो पियर्स नदी के किनारों से बाहर बनाए गए हैं. इनकी रणनीतिक स्थिति का उद्देश्य नदी के जलप्रवाह में बाधा को कम रखना है.

पुल में 76 मीटर के पांच और 50 मीटर के दो स्पान हैं. प्रत्येक स्पान में 23 सेगमेंट हैं, जिनकी कास्टिंग निर्माण स्थल पर ही की गई. लंबे स्पान के कारण नदी के तल में पियर्स की संख्या कम रखने में मदद मिली है.

बैलेंस्ड कैंटिलीवर तकनीक से निर्माण

इस पुल का सुपर-स्ट्रक्चर बैलेंस्ड कैंटिलीवर मेथड से बनाया गया है. इस तकनीक में डेक के नीचे पारंपरिक स्कैफोल्डिंग लगाए बिना पियर्स से सेगमेंट क्रमशः स्थापित किए जाते हैं. बाद में पोस्ट-टेंशनिंग के जरिए सेगमेंट जोड़े जाते हैं और पियर के दोनों ओर संतुलित तरीके से निर्माण कर लगातार ब्रिज डेक तैयार किया जाता है.

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में कुल 25 नदी पुल प्रस्तावित हैं. इनमें 21 गुजरात और चार महाराष्ट्र में हैं. गुजरात में निर्धारित 21 नदी पुलों में से 18 का निर्माण पूरा होने की जानकारी दी गई है.