अहमदाबाद और साणंद ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है. इस श्रेणी में अहमदाबाद को मेंटर और साणंद को मेंटी शहर के रूप में मान्यता दी गई. दोनों शहरों के संयुक्त प्रदर्शन का आकलन शहरी स्वच्छता और कचरा प्रबंधन में सुधार के आधार पर किया गया.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में पुरस्कार प्रदान किए. कार्यक्रम का आयोजन आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के शहरी विकास विभाग ने किया.
‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ श्रेणी में इंदौर-देपालपुर दूसरे और तिरुपति-कुप्पम तीसरे स्थान पर रहे. इस पहल का उद्देश्य बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेंटर शहरों के अनुभव और कार्यप्रणाली को मेंटी शहरों के साथ साझा कर स्वच्छता सेवाओं को मजबूत करना है.
इस वर्ष स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत 60 राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा की गई. पुरस्कारों में सुपर स्वच्छ लीग, आबादी के आधार पर स्वच्छ शहर, स्वच्छ रिवरफ्रंट टाउन, स्वच्छ तटीय शहर और स्वच्छ हिमालयी शहर जैसी श्रेणियां भी शामिल रहीं.
