अहमदाबाद और साणंद की जोड़ी ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देश में पहला स्थान हासिल किया है. दोनों शहरों को ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ श्रेणी में यह सम्मान मिला. इस पहल के तहत अहमदाबाद को मेंटर सिटी और साणंद को मेंटी सिटी के रूप में जोड़ा गया था.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार प्रदान किए. यह पुरस्कार केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित सर्वेक्षण के तहत दिए गए.
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ श्रेणी में अहमदाबाद-साणंद के बाद इंदौर-देपालपुर की जोड़ी दूसरे और तिरुपति-कुप्पम की जोड़ी तीसरे स्थान पर रही. इस श्रेणी में मेंटर शहर और उससे जुड़े मेंटी शहर के संयुक्त प्रदर्शन का आकलन किया गया.
इस पहल का उद्देश्य बेहतर प्रदर्शन करने वाले शहरों के अनुभव और कार्यप्रणाली को छोटे या सुधार की जरूरत वाले शहरों तक पहुंचाना है. इसके जरिए कचरा प्रबंधन, स्वच्छता सेवाओं और नागरिक भागीदारी में सुधार को बढ़ावा दिया जाता है.
