अहमदाबाद में इस बार नवरात्रि के दौरान फिल्मी गीतों या डीजे के बजाय संस्कृत भाषा में प्रस्तुत गरबों ने लोगों का ध्यान खींचा. एकलव्य संस्कृत फाउंडेशन की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में 1500 से अधिक लोग शामिल हुए. आयोजन का उद्देश्य संस्कृत को केवल पुस्तकों और पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर आम लोगों, खासकर युवाओं तक पहुंचाना बताया गया.

फाउंडेशन के निदेशक डॉ. मिहिर उपाध्याय के अनुसार, संस्था सीनियर केजी से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों को संस्कृत सिखाती है. इसी उद्देश्य से संस्कृत गरबा महोत्सव शुरू किया गया था. यह पहल वर्ष 2008 में 10 गरबों के साथ शुरू हुई थी. वर्ष 2009 तक करीब 45 रचनाओं का संस्कृत में रूपांतरण किया जा चुका था.

45 विद्यार्थियों से 1500 से अधिक प्रतिभागियों तक

कार्यक्रम के पहले वर्ष 45 विद्यार्थियों ने गरबा किया था. अगले वर्ष प्रतिभागियों की संख्या बढ़कर 400 हो गई. इस वर्ष नवरंग स्कूल परिसर में 1500 से अधिक लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इसके अलावा कोर हाउस में भी 900 लोगों की मौजूदगी में आयोजन हुआ. संस्था के गांधीनगर केंद्र की ओर से दशहरे के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाना है.

संस्कृत गरबे की खासियत लोकप्रिय गुजराती लोकगरबों और भक्ति रचनाओं का संस्कृत रूपांतरण रही. ‘तारा विना श्याम मने एकलडूं लागे’ जैसे गरबों के साथ माता की स्तुति, महिषासुरमर्दिनी स्तोत्र, शिव तांडव स्तोत्र और मधुराष्टकम पर भी प्रतिभागियों ने गरबा किया.

आयोजन में 20 से अधिक कलाकारों की टीम जुड़ी रही. मुख्य गायकों में धवलकुमार, डॉ. धैर्याबेन और आकाशभाई जोशी शामिल रहे. शिक्षकों, स्वयंसेवकों, कोरस गायकों और वादकों ने भी प्रस्तुति में सहयोग दिया.