अहमदाबाद के अंबावाड़ी स्थित शेठ सी.एन. विद्यालय में कक्षा 9 के एक छात्र को शिक्षक द्वारा कथित तौर पर लगातार छह थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद छात्र के पिता ने शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
यह घटना 14 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:45 से 1 बजे के बीच कक्षा 9-B में हुई बताई गई है. उपलब्ध फुटेज में शिक्षक कक्षा में पढ़ाते दिखाई देते हैं. इसी दौरान उन्होंने आखिरी बेंच पर बैठे छात्र को आगे आकर बैठने के लिए कहा. छात्र के आगे बैठने और शिक्षक से बातचीत के कुछ समय बाद शिक्षक उसके पास जाते दिखाई देते हैं. फुटेज के अनुसार, शिक्षक ने छात्र को एक के बाद एक छह थप्पड़ मारे और फिर उसे कक्षा से बाहर जाने को कहा.
अभिभावक की शिकायत पर स्कूल की कार्रवाई
छात्र के पिता ने स्कूल के प्रिंसिपल धवल पाठक को पत्र देकर शिक्षक घनश्याम सिंह डाभी के खिलाफ शिकायत की. शिकायत में कहा गया है कि घटना के बाद छात्र डर गया और उसे शारीरिक व मानसिक परेशानी हुई. पिता ने शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
प्रिंसिपल के अनुसार, घटना के अगले दिन अभिभावक ने स्कूल में शिकायत की थी. इसके बाद शिक्षक को बुलाकर लिखित नोटिस जारी किया गया. शिक्षक का जवाब मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगा.
जिला शिक्षा अधिकारी ने मांगा जवाब
अहमदाबाद शहर की जिला शिक्षा अधिकारी रोहिणी चौधरी ने स्कूल प्रशासन को नोटिस जारी कर पूछा है कि छात्र को थप्पड़ मारने की वजह क्या थी और अब तक क्या कार्रवाई की गई. DEO ने मामले की जांच के लिए शिक्षा निरीक्षक को स्कूल भेजने की बात कही है. स्कूल का जवाब और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद शिक्षक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा.
