अहमदाबाद के शाहिबाग इलाके में एक बंगले से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी होने के मामले में क्राइम ब्रांच ने घरेलू सहायक को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मूल रूप से राजस्थान के जयंतिलाल ओसवाल के रूप में हुई है.
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने करीब डेढ़ महीने पहले शिकायतकर्ता के यहां घरेलू सहायक के रूप में काम शुरू किया था. जांच में उसके चोरी में शामिल होने का संदेह सामने आने के बाद उसकी तलाश की गई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी के बाद छत्तीसगढ़ भाग गया था.
क्राइम ब्रांच ने उसके कब्जे से चोरी किए गए 33.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 1.43 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल समेत करीब 35 लाख रुपये का सामान बरामद करने का दावा किया है. बरामदगी और मामले में आरोपी की भूमिका की जांच जारी है.
विश्वास जीतकर जानकारी जुटाने का आरोप
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बताया कि आरोपी काम के शुरुआती दिनों में सावधानी बरतकर मकान मालिकों का विश्वास जीतता था. इसके बाद वह घर में रखे कीमती सामान और नकदी की जानकारी हासिल करता और मौका मिलने पर चोरी कर फरार हो जाता था. पुलिस के अनुसार, वह अलग-अलग जगहों पर नौकरी के लिए कथित तौर पर फर्जी नाम का इस्तेमाल करता था और अहमदाबाद तथा सूरत में संपन्न परिवारों के यहां काम करता था.
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ सूरत के उमरा थाने में पांच और खटोदरा थाने में एक समेत कुल छह मामले दर्ज हैं. वह एक बार पासा के तहत भी निरुद्ध रह चुका है.
