अहमदाबाद में शनिवार को गुजरात के पूर्व महाधिवक्ता सुरेश शेलत के जीवन और कानूनी विरासत पर आधारित स्मृति-पुस्तक ‘श्री सुरेश शेलत: ए लिगेसी रिमेम्बर्ड’ का विमोचन किया गया. सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस एनवी अंजारिया ने पुस्तक जारी करते हुए शेलत को अपना ‘पेशेवर पिता’ बताया.
थाकोरभाई देसाई हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता, गुजरात हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनाश रंजन पाठक, गुजरात के एडवोकेट जनरल कमल त्रिवेदी और पद्म भूषण से सम्मानित हृदय रोग विशेषज्ञ तेजस पटेल शामिल हुए. कार्यक्रम का आयोजन शेलत की बेटी और गुजरात हाईकोर्ट की जस्टिस वैभवी नानावटी तथा उनके परिवार ने किया.
जस्टिस अंजारिया ने बताया कि उन्होंने गुजरात हाईकोर्ट में कानूनी करियर की शुरुआत शेलत के चैंबर से की थी. उन्होंने शेलत से मिले पेशेवर मार्गदर्शन और निजी अनुभवों को भी साझा किया. उनके अनुसार, उनके वास्तविक पिता ने उन्हें कानून का ‘अल्फाबेट’ सिखाया, जबकि शेलत ने कानून की ‘भाषा’ सिखाई.
जस्टिस अंजारिया ने शेलत के पेशेवर आचरण को याद करते हुए कहा कि वे कभी न्यायाधीशों की आलोचना नहीं करते थे, साथी वकीलों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी नहीं करते थे और संस्थान के बारे में बुरा नहीं बोलते थे. उन्होंने इसे उस प्रवृत्ति के संदर्भ में महत्वपूर्ण सीख बताया, जिसमें अपनी ही संस्था को नीचा दिखाने की कोशिश की जाती है.
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने शेलत को ‘संत-सरीखे वकील’ का दुर्लभ उदाहरण बताया. वक्ताओं ने उनके परिश्रम, ईमानदारी, चरित्र, विनम्रता, मार्गदर्शन और न्यायपालिका तथा सहकर्मियों के प्रति सम्मान को रेखांकित किया.
