अहमदाबाद में ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़ी स्वतः संज्ञान याचिका पर गुजरात हाईकोर्ट की एक्टिंग चीफ जस्टिस की बेंच में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने मामले में अब तक हुई कार्रवाई और ट्रैफिक पुलिस में ट्रैफिक ब्रिगेड (TRB) जवानों की भूमिका की जानकारी दी.
हाईकोर्ट ने शहर में हेलमेट नियमों के पालन पर सवाल उठाए. बेंच ने कहा कि दूसरे राज्यों से गुजरात आने वाले न्यायाधीश भी पूछते हैं कि क्या यहां हेलमेट पहनने का कानून नहीं है. अदालत ने याद दिलाया कि हर राज्य में हेलमेट पहनना अनिवार्य है. टिप्पणी में यह भी कहा गया कि दोपहिया वाहन के पीछे बैठने वाले व्यक्ति की बात तो दूर, कई बार वाहन चालक भी हेलमेट नहीं पहनते.
अदालत ने अहमदाबाद जैसे शहरों में दिन के समय तेज रफ्तार डंपरों की आवाजाही का मुद्दा भी उठाया. बेंच ने दिन में डंपरों के संचालन पर प्रतिबंध के प्रभावी अमल की जरूरत बताई और कहा कि ऐसे वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं में लोग जान गंवाते हैं.
सुनवाई के दौरान वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर भी चिंता जताई गई. अदालत ने कहा कि कुछ लोग ड्राइविंग के दौरान फोन पर बात करते हैं, वीडियो कॉल करते हैं या वीडियो देखते हैं. ऐसे में उनका ध्यान सड़क और वाहन संचालन पर कैसे रहेगा, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है. मामले में अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी.
