अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके में रहने वाले 67 वर्षीय व्यापारी से धार्मिक दान के नाम पर 21.79 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. आनंदनगर पुलिस ने गांधीनगर के महुडी निवासी तेजश सुभाषभाई शाह के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की है.

पुलिस शिकायत के अनुसार, 23 जुलाई को व्यापारी को फोन कर आरोपी ने खुद को पालडी स्थित ‘नररत्न महाराज साहेब उपाश्रय’ का प्रतिनिधि बताया और धार्मिक कार्य के लिए दान मांगा. इसके बाद अलग-अलग तारीखों पर बैंक खातों में रकम जमा कराई गई.

शिकायत के मुताबिक, 23 जुलाई से 7 अगस्त के बीच कुल 4.49 लाख रुपये बैंक खातों में भेजे गए. इसके बाद 10 से 14 अगस्त के बीच आंगड़िया के जरिए 4 लाख, 4.30 लाख, 4 लाख और 5 लाख रुपये भेजे गए. ये रकम प्रांतीज और द्वारका में आरोपी के नाम और उसके बताए मोबाइल विवरण के आधार पर भेजी गई थी.

बाद में व्यापारी आरोपी से संपर्क नहीं कर पाए. उपाश्रय से जानकारी लेने पर कथित धोखाधड़ी का पता चला. पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है.