अहमदाबाद के वाडज इलाके में पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद एक बड़े भाई पर अपने छोटे भाई की कैंची से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है. मृतक की पहचान 28 वर्षीय नरेश चौहान के रूप में हुई है. घटना गांधीनगर के टेकरा इलाके की बताई गई है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नरेश बेरोजगार था और इसी बात को लेकर उसकी अपने बड़े भाई राजू चौहान से अक्सर कहासुनी होती थी. घटना वाले दिन भी दोनों भाइयों के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि बहस बढ़ने पर राजू ने घर में रखी कैंची से नरेश पर हमला कर दिया.

पुलिस के मुताबिक, नरेश की पीठ और पेट पर कैंची से सात-आठ वार किए गए. इसके बाद वह घर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला. जब नरेश की बहन घर पहुंचीं, तो उन्होंने उसे खून से लथपथ देखा और पुलिस को सूचना दी.

पुलिस और एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने तक नरेश की मौत हो चुकी थी. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.

पुलिस की जांच जारी

वाडज पुलिस ने राजू चौहान को हिरासत में लिया है. पुलिस निरीक्षक एच.पी. गरासिया के अनुसार, शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है. पुलिस हमले में इस्तेमाल हथियार बरामद करने और घटना के किसी अन्य संभावित कारण की भी जांच कर रही है. मृतक की बहन की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.