अहमदाबाद के पूर्वी इलाके में शनिवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई. पहला हादसा वटवा जीआईडीसी के त्रिकमपुरा पाटिया के पास हुआ, जहां ईको कार ने दो साइकिल सवारों को टक्कर मार दी. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा साइकिल सवार घायल बताया गया है.
मृतक की पहचान अमराईवाड़ी निवासी भगवानभाई सोलंकी के रूप में हुई है. वह वटवा जीआईडीसी की एक कंपनी में काम करते थे. पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को वह साइकिल से त्रिकमपुरा पाटिया के पास से गुजर रहे थे, तभी ईको कार ने उन्हें और एक अन्य साइकिल सवार को टक्कर मार दी. दोनों सड़क पर गिर पड़े और भगवानभाई को गंभीर चोटें आईं. डिविजन ट्रैफिक पुलिस ने ईको चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.
पीपलज में डंपर की चपेट में आया युवक
दूसरा हादसा पीपलज में धनलक्ष्मी ट्रांसपोर्ट के पास हुआ. कामरेज, सूरत निवासी 19 वर्षीय ललितसिंह रावत अपने दोस्तों के साथ अहमदाबाद आया था. शनिवार सुबह सड़क पार करते समय वह तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई.
के-डिविजन ट्रैफिक पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है. दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों की तलाश और हादसों की जांच कर रही है.
