गुजरात के बनासकांठा जिले के अंबाजी में भादरवी पूनम महामेला-2026 के तीसरे दिन 22 सितंबर को 450 ड्रोन के जरिए विशेष लाइटिंग शो आयोजित किया गया. चाचर चौक में हुए इस कार्यक्रम में रंग-बिरंगी रोशनी से आसमान में मां अंबे की आकृति, श्री यंत्र, गब्बर पर्वत और अंबाजी मंदिर जैसी संरचनाएं प्रदर्शित की गईं.

ड्रोन शो में अंबाजी की संस्कृति, शक्ति और आध्यात्मिक परंपरा को आधुनिक तकनीक के साथ प्रस्तुत किया गया. मंदिर परिसर और अंबाजी शहर के अन्य हिस्सों में भी सजावटी लाइटिंग की गई है. मेले में मौजूद श्रद्धालुओं ने आकाश में बनी आकृतियों को देखा.

कार्यक्रम के दौरान मंदिर के चाचर चौक में बनासकांठा के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे. अंबाजी ट्रस्ट की ओर से अगले दिन भी शाम 8 बजे चाचर चौक में इसी तरह के ड्रोन शो का आयोजन किए जाने की जानकारी दी गई है.

तीन दिनों में करीब 16 लाख श्रद्धालु पहुंचने का दावा

कलेक्टर मिहिर पटेल के अनुसार, मेले के तीन दिनों में अनुमानित 16 लाख श्रद्धालु अंबाजी पहुंचे और उन्होंने मंदिर में दर्शन किए. परिसर में भक्तों की भीड़ के बीच ‘बोल मेरी अंबे, जय जय अंबे’ के जयकारे गूंजते रहे.

मेला क्षेत्र में आने वाले पैदल यात्रियों और अन्य श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की ओर से विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई है. अंबाजी ट्रस्ट ने प्रसाद के रूप में मोहनथाल के करीब एक लाख पैकेट वितरित किए. श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या के बीच मेला शांतिपूर्वक चलने की जानकारी प्रशासन की ओर से दी गई है.