केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 16 अक्टूबर से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह अहमदाबाद, गांधीनगर जिले के रूपाल, मानसा और कोलवडा में विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे.

दौरे की शुरुआत अहमदाबाद से होगी. दोपहर 2:45 बजे शाह सैटेलाइट स्थित प्रेरणा तीर्थ देरासर में गच्छाधिपति प.पू. नररત્ન सूरीश्वरजी महाराज साहेब के दर्शन करेंगे. इसके बाद 3:15 बजे पालडी स्थित श्री विश्वनंदीकऱ जैन संघ में गच्छाधिपति प.पू. उदयरत्न सूरीश्वरजी महाराज साहेब से आशीर्वाद लेने का कार्यक्रम है.

शाम 5:45 बजे वह गांधीनगर जिले के रूपाल स्थित श्री वरदायिनी माताजी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे. इसके बाद मंदिर परिसर में बनने वाली भगवान शिव की 81 फीट ऊंची प्रतिमा के शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे.

शाम 7:15 बजे शाह अपने पैतृक शहर मानसा स्थित कुलदेवी श्री बहुचर माताजी मंदिर में संध्या आरती में भाग लेंगे. रात 9:15 बजे वह गांधीनगर के कोलवडा स्थित नवरात्रि चौक में श्री रामजी मंदिर के पास आयोजित गरबा महोत्सव में पहुंचेंगे. यह आयोजन नवरात्रि युवक मंडल की ओर से किया जा रहा है.

दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. मानसा में पुलिस बल की तैनाती, सघन पेट्रोलिंग और मार्गों व संबंधित कार्यालयों में सुरक्षा रिहर्सल की गई है.

गांधीनगर महानगरपालिका चुनाव में भाजपा की जीत के बाद यह दौरा स्थानीय राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा में है. हालांकि, मेयर पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर शाह की ओर से कोई आधिकारिक टिप्पणी उपलब्ध नहीं है.