गुजरात के अमरेली जिले में एक शेर की खेत के कुएं में गिरने के बाद डूबने से मौत हो गई. घटना धारी तालुका के जिरा गांव की है, जो दलखाणिया रेंज के अंतर्गत आता है. वन अधिकारियों के अनुसार, मृत शेर की उम्र करीब 2 से 3 वर्ष थी.
यह घटना एक स्थानीय किसान के खेत में हुई. कुएं के चारों ओर मुंडेर बनी हुई थी, इसके बावजूद शेर उसमें गिर गया. ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कुएं से शेर का शव बाहर निकालने की कार्रवाई की.
वन विभाग की ओर से कराए गए पोस्टमार्टम में डूबने को मौत का कारण बताया गया. अधिकारियों को शिकार या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि के संकेत नहीं मिले.
गिर क्षेत्र के आसपास के कृषि और राजस्व क्षेत्रों में एशियाई शेरों की आवाजाही होती रहती है. ऐसे इलाकों में खुले या पर्याप्त रूप से सुरक्षित न किए गए कुएं वन्यजीवों के लिए जोखिम पैदा कर सकते हैं. इस घटना के बाद खेतों में मौजूद कुओं की सुरक्षा व्यवस्था और वन्यजीवों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सतर्कता का मुद्दा फिर सामने आया है.
