गुजरात के अमरेली जिले के समढियाला गांव में कपास के खेत से दो शेरों को दूर करने पहुंचे वन विभाग के एक कर्मचारी पर अचानक हमला हो गया. हमले में वनकर्मी महेश माटिया घायल हुए हैं. उन्हें इलाज के लिए अमरेली सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है.
घटना 15 अक्टूबर को बगसरा इलाके में हुई. खेत में दो शेर बैठे थे और आसपास के खेतों में मजदूर कपास चुन रहे थे. शेरों की मौजूदगी के कारण किसान और मजदूरों में दहशत फैल गई तथा खेती का काम प्रभावित हुआ. इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई.
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. कर्मचारी शेरों को खेत से सुरक्षित दूरी पर ले जाने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान एक शेर ने महेश माटिया पर सामने से हमला कर दिया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उनके पीठ और कमर के हिस्से में पंजों से चोटें आईं. मौके पर मौजूद अन्य वनकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया.
महेश माटिया के अनुसार, खेत में मजदूरों की मौजूदगी और गर्मी के कारण शेर को बाहर निकलने की जगह नहीं मिल पा रही थी. इसी दौरान उसने हमला किया. शेत्रुंजी डिवीजन के एसीएफ राजन जादव ने बताया कि शेर को खेत से दूर करने के दौरान वह परेशान हुआ और उसने वनकर्मी पर हमला कर दिया. उन्होंने चोटों को मामूली बताया और कहा कि कर्मचारी की हालत स्थिर है.
घटना के बाद वन विभाग ने कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए. विभाग के अनुसार, दोनों शेरों को दूसरे क्षेत्र में भेज दिया गया है. करीब एक महीने पहले राजुला क्षेत्र में भी दो वनकर्मियों पर शेर के हमले की घटना सामने आई थी.
