गुजरात के अमरेली जिले में देर रात ST विभाग के दो ड्राइवरों के खिलाफ पुलिस ने शराबबंदी कानून के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों ड्राइवर नशे की हालत में मिले. ST विभाग ने FIR के आधार पर दोनों को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की है.
पहली घटना नए गिरिया के पास हुई, जहां जाफराबाद-गांधीनगर रूट की ST बस सड़क से नीचे उतर गई. घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. अमरेली तालुका पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवर भावेशभाई मनसुखभाई बोरीचा की जांच की. पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान वह नशे की हालत में मिला. पुलिस ने उसके खिलाफ प्रोहिबिशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की है.
दूसरी घटना राजुला की बताई गई है. जूनागढ़ डिपो की जूनागढ़-जाफराबाद रूट की बस उना पहुंची थी. आरोप है कि बस के ड्राइवर भूपतभाई डाभी ने रास्ते में शराब की बोतल खरीदी. एक स्थानीय नागरिक ने इसका वीडियो बनाकर अमरेली ST विभाग के डिविजनल कंट्रोलर (DC) भावेश पटेल को भेजा.
वीडियो मिलने के बाद DC ने राजुला ST डिपो की मैनेजर ममताबेन जोशी को जांच के निर्देश दिए. विभाग के अनुसार, जांच में भूपतभाई डाभी नशे की हालत में मिला. इसके बाद राजुला पुलिस को सूचना दी गई और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है.
ST विभाग के DC भावेश पटेल के मुताबिक, दोनों मामलों में FIR दर्ज हो चुकी है. उन्होंने कहा कि FIR के आधार पर दोनों ड्राइवरों के निलंबन की कार्रवाई की जाएगी.
