गुजरात के अमरेली जिले में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक एशियाई शेर घायल हो गया. हादसा लाठी तालुका के रेलवे ट्रैक पर हुआ, जहां शुरुआती जानकारी के अनुसार दो शेर रेल लाइन पार कर रहे थे.

मालगाड़ी पीपावाव पोर्ट से ढसा की ओर जा रही थी और हादसे के समय उसकी अनुमानित गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा थी. टक्कर के बाद रेलवे ट्रैक पर शेर की कटी हुई पूंछ और बाल मिले.

वन विभाग की टीम को जानकारी मिली कि घायल शेर घटनास्थल से आसपास के खेतों की ओर चला गया है. इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने खेतों तथा आसपास के इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया. खबर लिखे जाने तक शेर का पता नहीं चल सका था.

शेर मिलने के बाद उसकी चोटों का आकलन कर उपचार की कार्रवाई की जाएगी. अमरेली और गिर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक से शेरों की आवाजाही वाले इलाकों में ऐसी घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं. ताजा हादसे के बाद वन्यजीवों की सुरक्षा और ट्रेनों की गति पर निगरानी को लेकर चिंता फिर बढ़ गई है.