गुजरात के अमरेली जिले में साबरमती से वेरावल जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव की घटना सामने आई है. लाठी और खीजड़िया के बीच अज्ञात लोगों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके, जिससे एक कोच का कांच टूट गया.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पथराव उस समय हुआ जब ट्रेन रेलवे ट्रैक से गुजर रही थी. घटना में कोच को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है. यात्रियों के मुताबिक, पथराव करने वालों को उन्होंने नहीं देखा.

घटना की जानकारी मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. दोनों एजेंसियों ने लाठी और खीजड़िया के बीच के इलाके में जांच शुरू की है. फिलहाल पथराव करने वालों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

भावनगर रेलवे डिवीजन के सीनियर DCM अतुल त्रिपाठी ने वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं.

पुलिस और RPF की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ट्रेन पर पथराव किसने किया और इसके पीछे क्या वजह थी. आरोपियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.