गुजरात के आनंद के पास अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के तीन वाहनों की टक्कर में 10 यात्री घायल हो गए. हादसे में सूरत से अंबाजी जा रही निजी लक्जरी बस, भारी मशीनरी ले जा रहा ट्रक और एक टैंकर शामिल थे. बस में तीर्थयात्री सवार थे.
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक के नियंत्रण खोने के बाद ट्रक बस के पिछले हिस्से से जा टकराया. टक्कर के प्रभाव से बस आगे चल रहे टैंकर से भिड़ गई. इससे बस का अगला और पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.
घायल सभी यात्रियों को 108 एंबुलेंस की मदद से करमसद के अस्पताल ले जाया गया. किसी मौत की सूचना नहीं है. हादसे के बाद बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम, आनंद फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची.
दुर्घटना के कारण वडोदरा से अहमदाबाद जाने वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा और जाम की स्थिति बनी. बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल कर दिया गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है.
