आनंद जिले में अहमदाबाद-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर LCB ने एक कंटेनर ट्रक से भारतीय निर्मित विदेशी शराब की खेप बरामद की है. पुलिस के अनुसार, रावळापुरा ब्रिज के पास की गई कार्रवाई में 290 पेटियों से 8,592 बोतलें मिलीं. मामले में हरियाणा निवासी दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को वांछित घोषित किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, गणेश विसर्जन के बंदोबस्त के दौरान शराब की तस्करी की सूचना मिली थी. इसके बाद LCB की टीम ने नडियाद से आनंद की ओर आ रहे सफेद रंग के Tata कंटेनर ट्रक को रोका. चालक ने ट्रक में होम एप्लायंस का सामान होने से संबंधित बिल्टी दिखाई थी. तलाशी के दौरान Wonderchef कंपनी के स्टेनलेस स्टील बर्तनों के बॉक्स के पीछे शराब छिपाई हुई मिली.
पुलिस ने शराब की कीमत 44,58,150 रुपये बताई है. इसके अलावा 15 लाख रुपये का कंटेनर ट्रक, दो मोबाइल फोन और बिल्टी के अनुसार 24,43,350 रुपये का अन्य सामान जब्त किया गया. जब्त माल की कुल कीमत 84,32,510 रुपये बताई गई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका तालुका निवासी 34 वर्षीय मुख्तयार हाकम दराब मेव और 29 वर्षीय रुकमुद्दीन सिद्दीक कमला मेव के रूप में हुई है. पुलिस ने इरफानखान जमील और सद्दाम को वांछित घोषित किया है. आनंद ग्रामीण थाने में प्रोहिबिशन एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
