गुजरात के अरवल्ली जिले में धनसुरा-मालपुर रोड पर स्थित करनपुर-बारडिया माइनर पुल से सभी प्रकार के भारी वाहनों की आवाजाही पर 60 दिनों के लिए प्रतिबंध बढ़ा दिया गया है. यह आदेश अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट डॉ. वी. मकवाणा ने जारी किया है.
पुल की जर्जर स्थिति को लेकर सड़क एवं भवन विभाग (स्टेट) के कार्यपालक अभियंता ने जिला कलेक्टर को प्रस्ताव भेजा था. इसके बाद गांधीनगर से आए विशेषज्ञ इंजीनियरों ने 16 मई को पुल का निरीक्षण किया. प्राथमिक रिपोर्ट में पुल की स्थिति खराब बताई गई और तत्काल एनडीटी जांच कराने की सिफारिश की गई.
बाद में कराई गई तकनीकी एनडीटी जांच में पुल को मरम्मत योग्य नहीं तथा भारी वाहनों के लिए बेहद जोखिमपूर्ण बताया गया. इन्हीं रिपोर्टों के आधार पर 10 जुलाई 2026 को दो महीने के लिए प्रतिबंध लगाया गया था. मरम्मत पर निर्णय नहीं होने के कारण इसकी अवधि 60 दिन और बढ़ाई गई है.
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
प्रशासन ने धनसुरा से मालपुर जाने वाले वाहनों को धनसुरा-मोडासा होकर जाने का निर्देश दिया है. धनसुरा से अणियोर जाने के लिए धनसुरा-दुघरवाड़ा-अमलाई मार्ग निर्धारित किया गया है.
मालपुर से धनसुरा जाने वाले वाहनों के लिए अणियोर-मोडासा मार्ग और मालपुर से बायड जाने वाले वाहनों के लिए अणियोर-उभराण मार्ग तय किया गया है.
इन सभी डायवर्जन मार्गों पर साइन बोर्ड लगाने और ट्रैफिक प्वाइंट पर कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं. आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ धारा 131 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी.
