गुजरात के अरावली जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और संदिग्ध तस्करों के बीच गोलीबारी हुई. घटना मालपुर थाना क्षेत्र में मोरडूंगरी गांव के पास 2 अक्टूबर की सुबह करीब 3 बजे हुई.

पुलिस के अनुसार, लोकल क्राइम ब्रांच की टीम मालपुर-मोडासा राजमार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार Scorpio को रोकने का प्रयास किया गया. आरोप है कि चालक ने पुलिस नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश की और वाहन पुलिस की मोबाइल वैन से टकरा गया. पीछा करने पर Scorpio एक पुलिस Fortuner से भी भिड़ गई.

पुलिस का कहना है कि वाहन से उतरे एक व्यक्ति ने टीम पर दो गोलियां चलाईं. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के दाहिने पैर में लगी. उपचार के बाद 27 वर्षीय राजूराम जांगू उर्फ बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका कथित साथी सुरेशकुमार बिश्नोई अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

Scorpio से 22 बोरियों में 425.8 किलो पोस्त का भूसा बरामद हुआ, जिसकी कीमत पुलिस ने 63.87 लाख रुपये बताई है. दो देसी पिस्तौल, कारतूस और अन्य सामान भी जब्त किया गया. पुलिस के मुताबिक खेप मध्य प्रदेश के मंदसौर से राजस्थान के बाड़मेर ले जाई जा रही थी. मामले में NDPS Act, Arms Act और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.