गुजरात के सूरत जिले के बारडोली तालुका में छह सदस्यीय परिवार को कथित तौर पर नहर में फेंकने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, घटना में एक दंपती और उनकी नौ वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे अब भी लापता हैं. परिवार का 13 वर्षीय बेटा बच गया है.
पुलिस के मुताबिक, परिवार महाराष्ट्र के जलगांव से काम के सिलसिले में सूरत जा रहा था. 21 नवंबर की रात उवा गांव के पास एक अन्य वाहन ने उनकी कार को रोका. आरोप है कि चार लोगों ने परिवार के सदस्यों को कब्जे में लेकर उन्हें उकाई-काकरापार नहर में फेंक दिया.
बचने वाले किशोर ने कथित तौर पर नहर में एक पाइप पकड़ लिया और बाहर निकलकर मदद मांगी. इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग ने तलाशी अभियान शुरू किया. महुवा तालुका के डुंगरी के पास नहर से नितिन उर्फ भूरिया पाटिल, उनकी पत्नी कविता पाटिल और उनकी नौ वर्षीय बेटी का शव बरामद किया गया.
लापता बच्चों में दो वर्षीय बच्चा और करीब 15-16 साल का किशोर शामिल हैं. पुलिस ने मामले में चार संदिग्धों की पहचान किए जाने की बात कही है और उनकी तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं. आरोपियों की मंशा और घटना के पूरे कारण की जांच जारी है.
