गुजरात के बारडोली में गुजराती पातरा बनाने की बड़े पैमाने की प्रक्रिया दिखाने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर ध्यान खींच रहा है. यह वीडियो जय श्री जलाराम पातरा एंड नमकीन की उत्पादन इकाई का बताया गया है, जहां अरबी के पत्तों से पारंपरिक पातरा तैयार किया जाता है.
ऐसे तैयार होता है पातरा
वीडियो में अरबी के पत्तों पर मसालेदार बेसन का मिश्रण लगाने के बाद उन्हें लंबा रोल बनाते हुए दिखाया गया है. तैयार रोल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा जाता है और फिर लकड़ी के ब्लॉक्स पर व्यवस्थित किया जाता है.
इसके बाद पातरा के टुकड़ों को बड़े बर्तन में खौलते तेल में डीप फ्राई किया जाता है. सुनहरा और कुरकुरा होने पर कर्मचारियों को बड़े धातु के छलनों से इन्हें निकालते देखा जा सकता है. तले हुए पातरा को कुछ समय ठंडा करने के बाद चटनी के साथ परोसा जाता है.
पातरा गुजरात का लोकप्रिय स्नैक है, जिसमें अरबी के पत्तों और मसालेदार बेसन की परतों का इस्तेमाल होता है. वीडियो को फूड कंटेंट क्रिएटर वत्सल जरीवाला ने Instagram पर साझा किया था.
