गुजरात के भरूच जिले के दहेज इलाके में दो साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति के दोस्त सुरेंद्र कुमार (35) के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है.

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने बच्ची की मां पर दोस्ती करने का दबाव बनाया था. महिला के इनकार करने पर उस पर फोन के जरिए कथित तौर पर धमकी देने का भी आरोप है.

परिवार का आरोप है कि बच्ची जब घर के आंगन में खेल रही थी, तभी आरोपी चॉकलेट देने के बहाने उसे अपने कमरे में ले गया. पुलिस शिकायत में बच्ची के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है. घटना के बाद बच्ची की हालत गंभीर बताई गई है.

जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने दहेज पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने बच्ची की उम्र और मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है.

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की जांच के लिए भरूच की पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया. मामले की जांच जारी है. आरोपों की पुष्टि अदालत में होने वाली सुनवाई और जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी.