गुजरात हाई कोर्ट ने भरूच की ऐतिहासिक जामी मस्जिद में पूजा का अधिकार देने और भगवान मल्लिनाथ की मूर्ति की सुरक्षा की मांग वाली जैन समुदाय के सदस्यों की याचिकाओं पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) से जवाब मांगा है. मामले की अगली सुनवाई 13 अक्टूबर को होगी.
न्यायमूर्ति निशा ठकोर की एकल पीठ ने कहा कि 1958 के प्राचीन स्मारक एवं पुरातात्विक स्थल और अवशेष अधिनियम के तहत ASI का दायित्व प्राचीन और ऐतिहासिक स्मारकों तथा राष्ट्रीय महत्व के पुरातात्विक स्थलों का संरक्षण करना है. अदालत ने ASI के वकील को याचिकाकर्ताओं की दलीलों पर निर्देश लेने को कहा.
पांच याचिकाकर्ताओं ने दावा किया है कि मस्जिद परिसर में जैन धर्म के 19वें तीर्थंकर भगवान मल्लिनाथ की मूर्ति मौजूद है और उसे नुकसान पहुंचने की आशंका है. उन्होंने स्मारक को ‘अश्वबोध तीर्थ’ और ‘शकुनिका विहार’ के रूप में घोषित करने, वहां जैन समुदाय को पूजा की अनुमति देने तथा मूर्ति, चिह्नों और अन्य कथित धार्मिक अवशेषों की सुरक्षा के लिए अंतरिम आदेश की मांग की है.
ASI की ओर से कहा गया कि संरक्षित स्मारक का रखरखाव 1958 के कानून के प्रावधानों के तहत किया जा रहा है. याचिकाकर्ताओं ने अपनी दलीलों के समर्थन में भोजशाला मामले का भी हवाला दिया.
