भरूच की 14वीं सदी की ऐतिहासिक जामी मस्जिद से जुड़े विवाद को लेकर गुजरात हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है. पांच स्थानीय याचिकाकर्ताओं ने परिसर में मिली भगवान मल्लिनाथ की प्रतिमा की तत्काल सुरक्षा सुनिश्चित करने और जैन समुदाय के सदस्यों को वहां पूजा की अनुमति देने की मांग की है.

याचिकाकर्ताओं का कहना है कि मौजूदा तनाव के बीच प्रतिमा को नुकसान पहुंचने की आशंका है. उनके वकील ने अदालत में दावा किया कि जामी मस्जिद वर्ष 1909 से भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के संरक्षण में है और प्राचीन स्मारक तथा पुरातत्वीय स्थल एवं अवशेष अधिनियम, 1958 के तहत राष्ट्रीय महत्व का स्मारक है. याचिका में कहा गया है कि कानून के तहत संरक्षित स्मारक के मूल स्वरूप में बदलाव नहीं किया जा सकता.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राज्य सरकार और भरूच कलेक्टर की ओर से अदालत में कहा गया कि याचिकाकर्ताओं की दलीलों में प्रथमदृष्टया तथ्य नजर आते हैं. हाई कोर्ट ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मामले की अगली सुनवाई शुक्रवार को तय की है.

याचिका में केंद्र सरकार, एएसआई, गुजरात सरकार और जामी मस्जिद प्रबंधन समिति को पक्षकार बनाया गया है. इस वर्ष की शुरुआत में मस्जिद के तहखाने में जांच के दौरान प्रतिमा मिलने के बाद विवाद शुरू हुआ था. इसके बाद स्थानीय हिंदू और जैन समुदायों की ओर से रैली निकाले जाने की बात सामने आई. एएसआई ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भरूच कलेक्टर से स्मारक की सुरक्षा कड़ी करने का अनुरोध किया था.