गुजरात के भरूच जिले की सायखा GIDC स्थित सिनजील फार्माकेम कंपनी में शुक्रवार देर रात रिएक्टर फटने से पांच मजदूरों की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए. हादसा हाइड्रोजिनेशन प्रक्रिया के दौरान हुआ.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उत्पादन इकाई में 15 किलोलीटर क्षमता वाला रिएक्टर फट गया. धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज आसपास के करीब 15 किलोमीटर क्षेत्र में सुनाई दी. विस्फोट के बाद प्लांट की मशीनरी के हिस्से और चादरें दूर-दूर तक बिखर गईं.
हादसे के बाद मिथाइलीन डाइक्लोराइड (MDC) गैस के रिसाव की भी जानकारी सामने आई. इससे कंपनी परिसर और आसपास धुंध छा गई. मौके पर मौजूद कुछ लोगों और मजदूरों ने आंखों में जलन की शिकायत की.
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. मृतकों के शव भरूच सिविल अस्पताल ले जाए गए. घायलों को भरूच और वडोदरा के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (GPCB) और इंडस्ट्रियल सेफ्टी एंड हेल्थ (DISH) विभाग की टीमें प्लांट पर पहुंचकर हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों की जांच कर रही हैं. जांच पूरी होने तक विस्फोट की निश्चित वजह स्पष्ट नहीं है.
