गुजरात के भावनगर जिले के बुधेल गांव में पुरानी कहासुनी के विवाद को लेकर एक युवक पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है. शिकायत के अनुसार, तीन लोगों ने शैलेष वाघाणी पर तलवार से वार किए और लात-घूंसों से मारपीट की. हमले में घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

पुलिस शिकायत के मुताबिक, 14 अक्टूबर को बहुचर चौक में आलू-भुंगला खाने के पैसे मांगने को लेकर शैलेष की देवराज और अल्ताफ से कहासुनी हुई थी. इसके बाद पुराने तलाजा रोड पर अल्ताफ के बहनोई के साथ भी झड़प होने की बात सामने आई है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश में हमला किया गया.

शिकायत में तीन लोगों के नाम

शैलेष के अनुसार, अल्ताफ सलीमभाई समा, देवराज राजूभाई धंधुकिया और गुलाब इब्राहिमभाई पठान उसके घर के आंगन में घुसे. आरोप है कि अल्ताफ ने तलवार से सिर और पेट पर वार किए, जबकि बाकी दोनों ने मारपीट और धमकी दी.

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. वरतेज पुलिस ने शैलेष की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और गुजरात पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस आगे की जांच कर रही है.