गुजरात के भावनगर स्थित रीजनल साइंस सेंटर में ROBOFEST-GUJARAT 6.0 के तहत आयोजित 36 घंटे का ‘AI-Powered Robotics Innovation Challenge’ पूरा हो गया. 6 से 9 अक्टूबर 2026 तक चले इस हैकाथॉन में गुजरात के अलावा छह राज्यों की 52 टीमों ने हिस्सा लिया. समापन समारोह में कृषि मंत्री जीतूभाई वाघाणी और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुनभाई मोढवाडिया मौजूद रहे.

आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के लिए देशभर से 480 टीमों ने पंजीकरण कराया था और 100 से अधिक आइडिएशन सबमिशन मिले. विशेषज्ञों के मूल्यांकन के बाद मुख्य हैकाथॉन के लिए 52 टीमों का चयन किया गया. इनमें गुजरात के नौ जिलों की 37 टीमों के साथ महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल की 15 टीमें शामिल थीं.

प्रतियोगिता में टीमों ने वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए ऑटोनॉमस रोबोटिक सिस्टम और AI आधारित समाधान तैयार किए. इन परियोजनाओं का आकलन नवाचार, तकनीकी व्यवहार्यता, व्यावहारिक उपयोगिता और बड़े स्तर पर लागू किए जाने की क्षमता के आधार पर किया गया. प्रस्तुत समाधानों में सुरक्षा, समुद्र के भीतर शोध, खेलों में सटीकता, स्वायत्त ड्राइविंग, स्मार्ट शॉपिंग ट्रॉली, मानवीय सहायता और शिक्षा जैसे क्षेत्रों से जुड़े रोबोटिक सिस्टम शामिल थे.

पूरे आयोजन के दौरान मेंटर्स, शिक्षाविदों और तकनीकी विशेषज्ञों ने प्रतिभागी टीमों को मार्गदर्शन दिया. विजेता टीमों को पुरस्कार राशि और ट्रॉफी दी गई. गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक, जामनगर को पहला स्थान और 10 लाख रुपये, गांधीनगर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी को दूसरा स्थान और 7.5 लाख रुपये, जबकि बिरला विश्वकर्मा महाविद्यालय को तीसरा स्थान और 5 लाख रुपये मिले.

बायोटेक्नोलॉजी क्षेत्र में दो समझौते

समापन समारोह के दौरान गुजरात स्टेट बायोटेक्नोलॉजी मिशन (GSBTM) और आनंद कृषि विश्वविद्यालय के बीच जैव-उर्वरक तथा जैव-कीटनाशक के लिए बायो-मैन्युफैक्चरिंग हब स्थापित करने का समझौता हुआ. प्रस्तावित हब में माइक्रोबियल बायोटेक्नोलॉजी, शोध, पायलट-स्केल बायो-मैन्युफैक्चरिंग और तकनीक के व्यावसायीकरण को जोड़ने की योजना है.

इसके अलावा GSBTM और CSIR-Central Salt and Marine Chemicals Research Institute के बीच पोरबंदर में Marine Biotechnology Research and Innovation Corridor (M-BRIC) स्थापित करने के लिए भी समझौता किया गया. इसके तहत समुद्री शैवाल बायोटेक्नोलॉजी, माइक्रोएल्गी, समुद्री जैव-उत्पाद और बायोरिफाइनरी जैसे क्षेत्रों में शोध, तकनीक विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने का उद्देश्य बताया गया है.

कार्यक्रम में मंत्रियों ने कहा कि युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप विचार समाज तथा उद्योगों की वास्तविक समस्याओं के समाधान में उपयोगी हो सकते हैं. GUJCOST के महानिदेशक दिग्विजयसिंह जाडेजा ने ROBOFEST और बायोटेक्नोलॉजी पहलों को गुजरात में विज्ञान, तकनीक, नवाचार और जैव-अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में कदम बताया.