प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलड़ी में भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) का उद्घाटन किया. यह केंद्र देशी पशु नस्लों में सुधार और दूध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है.
127 एकड़ में फैले इस केंद्र के निर्माण पर करीब ₹325 करोड़ खर्च हुए हैं. इसे बनास डेयरी ने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) की तकनीकी मदद और केंद्र सरकार के राष्ट्रीय गोकुल मिशन के सहयोग से स्थापित किया है. केंद्र में उन्नत प्रजनन तकनीक, एम्ब्रियो ट्रांसफर और इन-विट्रो फर्टिलाइजेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं.
प्रधानमंत्री के गुजरात दौरे के पहले दिन बनासकांठा में ₹14,000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और राष्ट्र को समर्पण किया जा रहा है. कार्यक्रम में थराद और राधनपुर में गोबर आधारित बायो-CNG संयंत्रों की आधारशिला, बनास डेयरी की अन्य परियोजनाओं और नई रेल सेवाओं से जुड़े कार्यक्रम भी शामिल हैं.
इसी कार्यक्रम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी किए जाने की भी जानकारी दी गई है. इसके तहत देशभर के किसानों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के जरिए सहायता मिलने वाली है.
