मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के महाराष्ट्र हिस्से में पहला स्टील ब्रिज लॉन्च किया गया है. 100 मीटर लंबा और करीब 1,405 टन वजनी यह पुल ठाणे जिले के भिवंडी क्षेत्र में दिवे-अंजुर गांव के पास NH-3 यानी नासिक हाईवे के ऊपर स्थापित किया गया.
यह पुल महाराष्ट्र में परियोजना के लिए पूरा किया गया पहला स्टील ब्रिज है. पूरे मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर 28 स्टील ब्रिज बनाए जाने हैं, जिनमें से 16 के पूरा होने की जानकारी दी गई है.
पुल को साइट पर जमीन से करीब 17.5 मीटर ऊंचाई पर अस्थायी ट्रेस्टल्स पर असेंबल किया गया. इसके निर्माण में 22 स्किड अरेंजमेंट और 54,076 Tor-Shear Type High Strength Bolts का इस्तेमाल हुआ. संरचना पर C5 सुरक्षात्मक पेंटिंग सिस्टम और इलास्टोमेरिक बेयरिंग भी लगाए गए हैं.
हाईवे पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए लॉन्चिंग का काम रात में ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान किया गया. तैयार पुल को दो 150 टन क्षमता वाले खोखले जैक और प्री-टेंशन किए गए Macalloy Bars की मदद से स्वचालित प्रणाली के जरिए स्थायी स्थिति में पहुंचाया गया. पुल के स्टील घटकों का निर्माण तमिलनाडु के त्रिची में किया गया था.
