भारतीय रेलवे ने गुजरात के भुज और बिहार के बरौनी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने को मंजूरी दी है. यह ट्रेन 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश तथा बिहार को जोड़ेगी. सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी.
ट्रेन संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 19428 बरौनी-भुज एक्सप्रेस रात 11:55 बजे बरौनी से चलेगी और अगले दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी.
भुज से ट्रेन सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी, जबकि बरौनी से वापसी सेवा मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को निर्धारित है.
इन प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
ट्रेन समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी. रेलवे के अनुसार, सेवा पश्चिमी और पूर्वी भारत के बीच यात्रियों को अतिरिक्त रेल संपर्क उपलब्ध कराएगी.
