कच्छ की घासभूमि और खुले प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण को लेकर भुज में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई. केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रेट इंडियन बस्टर्ड यानी घोराड़ के संरक्षण, घासभूमि बहाली और प्रोजेक्ट चीता की प्रगति पर चर्चा की गई. गुजरात के वन एवं पर्यावरण मंत्री अर्जुन मोढवाडिया सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल हुए.
घोराड़ के लिए गुजरात एक्शन प्लान
बैठक में भारतीय वन्यजीव संस्थान और गुजरात वन विभाग द्वारा तैयार ‘गुजरात एक्शन प्लान’ जारी किया गया. योजना का उद्देश्य घोराड़ की छोटी और अलग-थलग आबादी को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए वैज्ञानिक संरक्षण उपाय सुझाना है. इसके तहत 30 से अधिक घोराड़ की आबादी विकसित करने और 200 से 500 वर्ग किलोमीटर का सुरक्षित प्राकृतिक आवास तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है.
कच्छ के लाला-राव क्षेत्र को शुरुआती प्राथमिकता दी गई है, जहां करीब 200 वर्ग किलोमीटर में घासभूमि बहाली की जाएगी. प्रस्तावित उपायों में चराई का प्रबंधन, गैंडा बबूल जैसी आक्रामक वनस्पतियों को हटाना, शिकारी जानवरों का जोखिम घटाना और मानव निर्मित ढांचों से जुड़े खतरों को कम करना शामिल है.
नलिया क्षेत्र में अब तक लगभग 11 वर्ग किलोमीटर घासभूमि को गैंडा बबूल से मुक्त कर बहाल किया गया है. करीब 15 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को घेरने वाली 30 किलोमीटर लंबी शिकारी-रोधी बाड़ भी बनाई गई है. बैठक में कहा गया कि घोराड़ का संरक्षण कच्छ की उन पारिस्थितिक परिस्थितियों के लिए भी जरूरी है, जिन पर खड़मोर, चिंकारा, रेगिस्तानी बिल्ली, गिद्ध और अन्य पक्षी निर्भर हैं.
प्रोजेक्ट चीता की भी समीक्षा
मंत्रालय के अनुसार, देश में चीतों की संख्या 52 हो गई है, जिसमें भारत में जन्मे 49 शावक शामिल हैं. कूनो में शावकों की जीवित रहने की दर करीब 68 प्रतिशत बताई गई. कूनो और गांधी सागर के संयुक्त प्रबंधन से चीता आवास 3,428 वर्ग किलोमीटर तक फैल गया है. गुजरात की बन्नी घासभूमि समेत कुछ क्षेत्रों की पहचान भविष्य में संभावित चीता रिलीज साइट के रूप में की गई है.
