भुज स्थित कच्छ यूनिवर्सिटी में ग्रीन एनर्जी के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शुरू किया गया है. इसका उद्घाटन गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया. यह पहल अदाणी समूह की कौशल विकास इकाई अदाणी स्किल्स एंड एजुकेशन और कच्छ यूनिवर्सिटी ने मिलकर शुरू की है.

केंद्र के जरिए हर साल 10,000 से अधिक छात्रों को नवीकरणीय ऊर्जा और डिजिटल-औद्योगिक ऑटोमेशन से जुड़े विशेष प्रशिक्षण देने की योजना है. पाठ्यक्रम में सोलर पीवी टेक्नोलॉजी, विंड एनर्जी सिस्टम, हाइब्रिड एनर्जी सिस्टम और Battery Energy Storage Systems शामिल हैं.

इसके अलावा छात्रों को माइक्रोग्रिड, SCADA, IoT आधारित ऊर्जा अनुप्रयोगों और स्मार्ट-ग्रिड तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा. केंद्र कक्षा शिक्षण, सिमुलेशन और प्रैक्टिकल अनुभव के साथ शोध और ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में उद्यमिता को भी बढ़ावा देगा.

अदाणी समूह के अनुसार, कच्छ जिले में उसकी ग्रीन एनर्जी गतिविधियों से पिछले दो वर्षों में 21,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार जुड़े हैं. कंपनी का कहना है कि केंद्र का उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र के लिए स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित कार्यबल तैयार करना है.